केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने गुरुवार को भारत की आईएसएसएफ वर्ल्ड कप गोल्ड मेडलिस्ट ईशा सिंह और नायब सूबेदार नीरू ढांडा को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
नीरू ढांडा ने इटली के लोनाटो में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में इतिहास रचा था, जो गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला ट्रैप शूटर बनी हैं। वहीं, ईशा ने चीन के हांग्जू में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर अंतरराष्ट्रीय शूटिंग में अपनी शानदार प्रगति जारी रखी। यह इस साल इस इवेंट में उनका दूसरा वर्ल्ड कप गोल्ड था।
बातचीत के दौरान, मांडविया ने दोनों खिलाड़ियों को शूटिंग के क्षेत्र में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने की कोशिशों में हर संभव समर्थन का भरोसा दिलाया। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "सरकार पूरी कोशिश कर रही है और यह सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है कि आप हर टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में किसी भी तरह से पीछे न रहें। शूटिंग हमारे सबसे महत्वपूर्ण खेलों में से एक है और एलए ओलंपिक 2028, कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 को देखते हुए हमारे लिए मेडल जीतने वाला एक प्रमुख खेल है। हम बस यही चाहते हैं कि आप लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में भी मेडल जीतें।"