UP CM Addresses Press Conference: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इसी क्रम में प्रदेश के सभी विकास खंडों में ग्रामीण स्टेडियमों के निर्माण की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम चल रहा है।
इन स्टेडियमों में मल्टीपरपज हॉल, कम से कम 200 मीटर का एथलेटिक्स ट्रैक तथा विभिन्न आउटडोर खेलों के लिए मैदान विकसित किए जा रहे हैं। वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में करीब 30 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।
प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत प्रत्येक विकास खंड में एक ग्रामीण स्टेडियम और ओपन जिम की स्थापना की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपने ही क्षेत्र में खेल प्रशिक्षण, नियमित अभ्यास और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि गांव-गांव में खेल संस्कृति विकसित हो और ग्रामीण प्रतिभाएं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करें। यह पहल ग्रामीण युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।