भारत की माया राजेश्वरन रेवती और यूक्रेन की एंटोनिन्या सुशकोवा शनिवार को कोर्ट 12 पर यूएस ओपन गर्ल्स डबल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में अमेरिकी जोड़ी क्रिस्टीना पेनिककोवा और अन्निका पेनिककोवा से हार गईं।
रेवती और सुशकोवा ने क्वार्टर फाइनल में रूस की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी फेलित्साता डोरोफीवा-रिबास और अन्ना पुश्कारेवा को हराया था। सेमीफाइनल में उन्हें पेनिककोवा बहनों के खिलाफ 6-7 (3), 2-6 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह 1 घंटे 6 मिनट तक चले मुकाबले में उनका यूएस ओपन में शानदार सफर खत्म हो गया।
भारत-यूक्रेनी जोड़ी ने मुकाबले में अच्छी टक्कर दी। उन्होंने पहले सेट में अमेरिकी जोड़ी की सर्विस दो बार तोड़ी। हालांकि, अमेरिकी खिलाड़ियों ने अपनी पहली सर्विस पर 74% अंक जीते, जबकि रेवती और सुशकोवा 60 प्रतिशत अंक ही जीत सकीं। दूसरी सर्विस पर रेवती और सुशकोवा का प्रदर्शन बेहतर रहा। उन्होंने दूसरी सर्विस पर 48 प्रतिशत अंक अपने नाम किए, जबकि अमेरिकी जोड़ी सिर्फ 31 प्रतिशत अंक ही जीत पाई। उन्होंने कड़े शुरुआती सेट में कम गलतियां भी कीं। सेट टाई-ब्रेकर तक गया, जहां पेनिककोवा बहनों ने रेवती और सुशकोवा को हरा दिया।