अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 के मुकाबले में, मनिका बत्रा ने पृथिका पावडे को सीधे गेम में शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। शनिवार को खेले गए मुकाबले में जीत के साथ अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स ने पीबीजी पुणे जगुआर्स पर 10-5 से जीत हासिल करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
अहमदाबाद के विदेशी खिलाड़ियों (एड्रियन रासेनफॉस/सोफिया पोल्कानोवा) और पायस जैन-सोफिया पोल्कानोवा की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी की शानदार जीत ने टीम को मजबूत नींव दी। इसके बाद मनिका ने शानदार अंदाज में जीत पक्की की।
पणजी के पास तलेइगाओ में स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में अहमदाबाद एपीएल ने शानदार शुरुआत की। एड्रियन रासेनफॉस ने स्नेहित सुरवज्जुला को इस सीजन की उनकी पहली सिंगल्स हार का स्वाद चखाया। उन्होंने शुरुआती संघर्ष के बाद वापसी करते हुए तीन गेम में मुकाबला (11-8, 11-6, 8-11) अपने नाम किया।