अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन 7 में फ्रांस की ओलंपियन और लीग में पदार्पण कर रहीं पृथिका पावड़े ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पीबीजी पुणे जगुआर को सीजन की पहली जीत दिलाई। रविवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पुणे ने यूपी प्रोमेथियंस को 9-6 से हराया।
मुकाबले का सबसे यादगार क्षण महिला एकल के अंतिम मैच में देखने को मिला, जब पृथिका पावड़े ने दो बार की यूटीटी एमवीपी यांग्जी लियू को शानदार अंदाज में मात दी। पहला गेम हारने के बाद पावड़े ने जबरदस्त वापसी करते हुए अगले दो गेम अपने नाम किए और सीजन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत जीतों में से एक दर्ज की। उनकी इस जीत ने पुणे की पहली सफलता सुनिश्चित कर दी।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के तत्वावधान में आयोजित और नीरज बजाज व वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे यूटीटी के सातवें सीजन में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं। लीग का उद्देश्य उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा के साथ भारतीय टेबल टेनिस प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाना है।