रविवार को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में केन्या के चार्ल्स माताता ने पुरुषों की एलीट रेस में कोर्स रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने 58:52 का समय निकाला, जो पिछले रिकॉर्ड से एक सेकंड कम था। महिलाओं की एलीट कैटेगरी में इथियोपिया की वुदिनेश एलेमू ने 1:06:35 के समय के साथ खिताब अपने नाम किया। 'वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल' इवेंट के लिए राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर लगभग 40,000 धावक उतरे।
माताता का यह प्रदर्शन उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ (पर्सनल बेस्ट) भी रहा, जो पुरुषों की रेस में उनके दबदबे को दिखाता है। केन्या के ही सैमवेल न्यामाई माइलू और स्टेनली वैथाका म्बुरु क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे, जिससे पोडियम पर पूरी तरह से केन्याई धावकों का कब्जा रहा।
महिलाओं की एलीट कैटेगरी में एलेमू ने अपनी ही देश की सेला बुसिनेई को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि केन्या की सिंथिया चेलंगात चेपक्वोनी तीसरे स्थान पर रहीं। भारत के शैलेश कुशवाहा और अंकिता ध्यानी ने वेदांता हाफ मैराथन की 'भारतीय एलीट' श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः पुरुष और महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतिष्ठित दौड़ को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वेदांता ग्रुप के सीईओ अरुण मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वाइस एडमिरल अतुल आनंद भी मौजूद रहे।