विनेश फोगाट का एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने का सपना टूट गया। शनिवार को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में हुए चयन ट्रायल्स के दौरान महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग के सेमी-फाइनल में मीनाक्षी गोयत के हाथों 4-6 से हार के साथ विनेश के एशियन गेम्स खेलने की उम्मीद टूट गई। हार के बाद 31 वर्षीय विनेश ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
आईएएनएस से बात करते हुए विनेश ने कहा, "जब मैं हारी तो डब्ल्यूएफआई के अधिकारी खुश हो रहे थे। उन्हें अभी जश्न मनाने दो। मैं बहुत जिद्दी और जुनूनी हूं। ये हार मेरे इरादों को और मजबूत करती है। मैं वापसी करूंगी, और जब मैं वापसी करूंगी, तो अपने प्रदर्शन से हर उस इंसान का मुंह बंद कर दूंगी जिसे मुझ पर शक है। अभी तो महासंघ चाहता है कि मैं जल्दी मर जाऊं—कम से कम वे यही सोचते हैं।”
विनेश की इन टिप्पणियों से उनके और महासंघ के बीच चल रहे तनाव का पता चलता है। शुरू में उन्हें सिर्फ 50 किग्रा वर्ग में ही हिस्सा लेने की अनुमति थी, लेकिन बाद में सुप्रीम कोर्ट के दखल और डब्ल्यूएफआई के भीतर हुई आपसी चर्चाओं के बाद उन्हें 53 किग्रा वर्ग के ट्रायल्स में भी हिस्सा लेने की अनुमति दे दी गई। हालांकि वह क्वालीफाई नहीं कर पाईं, लेकिन उन्होंने साफ तौर पर कह दिया कि उनका हार मानने का कोई इरादा नहीं है।