भारतीय महिला रेसलर विनेश फोगाट को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। देश की सर्वोच्च न्यायालय ने विनेश को एशियन गेम्स के लिए होने वाले सिलेक्शन ट्रायल में हिस्सा लेने की इजाजत दे दी है। यह ट्रायल 30 और 31 मई को होने हैं।
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें विनेश फोगाट को एशियन गेम्स 2026 के सिलेक्शन ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई थी। हाई कोर्ट ने डब्ल्यूएफआई को विनेश को नोटिस भेजने के लिए फटकार भी लगाई थी।
कोर्ट ने आदेश दिया था कि 30-31 मई को होने वाले सिलेक्शन ट्रायल की वीडियो रिकॉर्डिंग डब्ल्यूएफआई करेगी और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन (आईओए) का एक-एक स्वतंत्र पर्यवेक्षक भी मौजूद रहेगा। हाई कोर्ट ने कहा था कि देश में मातृत्व का सम्मान किया जाता है और डब्ल्यूएफआई के पुराने सिलेक्शन मानदंडों से हटना बहुत कुछ कहता है।