'फलाहारी महाराज' के नाम से मशहूर दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया था कि विराट कोहली ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहली बार आने के लिए 5 करोड़ रुपये लिए थे। विराट कोहली के प्रवक्ता ने दिनेश शर्मा के आरोप का खंडन किया और इसे झूठा और बेबुनियाद बताया। हालांकि, दिनेश शर्मा अपने आरोप से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
दिनेश शर्मा ने बुधवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "विराट कोहली के प्रवक्ता का बयान आया है। उन्होंने कहा है कि हमने महाराज से कोई लेन-देन नहीं किया है। उस समय महाराज न विराट कोहली को जानते थे और न ही विराट कोहली महाराज को जानते थे। ये पीआर कंपनी और प्रॉपर्टी वाला ग्रुप था, जो विराट कोहली को महाराज के पास लाया था। महाराज की लोकप्रियता को बढ़ाने के लिए पहले 2 करोड़ और बाद में 3 करोड़ रुपये दिए गए थे। विराट कोहली की कंपनी का अकाउंट और इधर की पीआर कंपनी का अकाउंट चेक करा लिया जाए। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।"
उन्होंने कहा, "विराट यहां आने के बाद महाराज के भक्त हो गए और फिर कई बार यहां आए और कई गुना धन आश्रम में लगाया है। जो बड़े-बड़े आश्रम बने हैं, उनमें विराट कोहली का पैसा लगा है। जहां हजारों साधक रहते हैं, उनके भोजन, पानी, बिजली की व्यवस्था विराट कोहली करते हैं। विराट कोहली बुरे नहीं हैं। वह राधा नाम के उपासक हो चुके हैं। लेकिन ये कहना गलत होगा कि बिना पैसे के विराट कोहली पहली बार यहां आए।"