फीफा वर्ल्ड कप 2026 में केप वर्डे के लिए बतौर गोलकीपर यादगार प्रदर्शन करने वाले गोलकीपर वोजिन्हा आधिकारिक तौर पर चिली के क्लब कोलो कोलो से जुड़ गए हैं। क्लब में शामिल होने पर वोजिन्हा का भव्य स्वागत हुआ।
वोजिन्हा को फैंस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 का बेस्ट गोलकीपर चुना था। वह अपने प्रदर्शन के कारण जमकर सुर्खियां बटोरने में सफल रहे थे। जून में पुर्तगाली सेकंड-डिवीजन टीम चावेस से अलग होने के बाद वोजिन्हा एक फ्री एजेंट के तौर पर आए थे। 40 साल के वोजिन्हा ने कोलो कोलो के सैंटियागो हेडक्वार्टर में पेपरवर्क पूरा करने से पहले एक मेडिकल टेस्ट पास किया।
कोलो कोलो में उनके आने की घोषणा जुलाई में की गई थी, लेकिन वीजा की समस्या और निजी दिक्कतों की वजह से उनके क्लब से जुड़ने में देरी हुई। सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, 40 साल के वोजिन्हा, जिनका पूरा नाम जोसिमार जोस एवोरा डायस है, को सैंटियागो के मोन्यूमेंटल डेविड अरेलानो स्टेडियम में दर्जनों मीडिया प्रतिनिधित्व के सामने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किया गया।