आर्सेनल के पूर्व मिडफील्डर और वेल्स फुटबॉल टीम के कप्तान एरॉन रैमसे ने मंगलवार को अपने प्रोफेशनल फुटबॉल करियर को अलविदा कह दिया है। रैमसे ने वेल्स की ओर से 86 मुकाबलों में 21 गोल किए। उन्होंने तीन बड़े टूर्नामेंट्स में देश का प्रतिनिधित्व किया है। वह वेल्स के महानतम खिलाड़ियों में से एक के तौर पर संन्यास ले रहे हैं।
एरॉन रैमसेने ने वेल्स के यूरो 2016 के सेमीफाइनल तक के ऐतिहासिक सफर में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके चलते उन्हें यूनियन ऑफ यूरोपियन फुटबॉल एसोसिएशंस (यूईएफए) की 'टीम ऑफ द टूर्नामेंट' में जगह मिली थी।
रैमसे ने एक बयान में कहा, "यह फैसला लेना आसान नहीं था। काफी सोच-विचार के बाद, मैंने फुटबॉल से संन्यास लेने का फैसला किया है। सबसे पहले, मैं वेल्स से शुरुआत करना चाहूंगा। वेल्स की जर्सी पहनना और उसके साथ इतने सारे अविश्वसनीय पलों का अनुभव करना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। यह उन सभी मैनेजरों के अविश्वसनीय योगदान के बिना संभव नहीं होता जिनके मार्गदर्शन में खेला, और उन सभी स्टाफ सदस्यों के बिना भी नहीं, जिन्होंने कई तरीकों से मेरी मदद की।"