कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गुलवीर सिंह ने मंगलवार देर रात (भारतीय समय के अनुसार) पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीता। वह इस इवेंट में पोडियम तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए। इस मेडल के साथ गुलवीर ने एशियन गेम्स के ब्रॉन्ज और एशियन चैंपियनशिप में जीते दो गोल्ड मेडल के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स का मेडल भी अपने नाम कर लिया।
भारत के इस बेहतरीन लॉन्ग-डिस्टेंस रनर ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने आखिरी लैप में जबरदस्त 'किक' लगाई और 27:49.78 सेकंड के समय के साथ फिनिश लाइन पार की।
इतिहास रचने के बाद गुलवीर सिंह ने 'आईएएनएस' से कहा, "मेडल जीतने के बाद बहुत खुशी हो रही है। मेरे दिमाग में देश के लिए मेडल लाना था। कोच ने जो निर्देश दिए, मैंने उसका पालन किया। मेरे पिता एक किसान हैं। मेरे भाई नौकरीपेशा हैं। लोग जब पिता से मेरे बारे में पूछते हैं, तो उन्हें काफी खुशी होती है।"