भारत के पैरा शूटर्स ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में मुख्य कोच जेपी नौटियाल को टीम के साथ जापान भेजने की मांग की है। खिलाड़ियों का कहना है कि वह मानसिक तौर पर कोच से जुड़े हुए हैं और अंतिम समय में यह बदलाव करने का फैसला बिल्कुल भी ठीक नहीं है।
दरअसल, जापान में एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लेने के लिए जाने वाले भारत के शूटिंग दल से अंतिम समय पर जेपी नौटियाल का नाम हटा दिया गया है। इसको लेकर खासतौर पर पैरा शूटर्स और यहां तक कोचों ने भी नाराजगी जाहिर की है।
'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए पैरा राइफल शूटर राकेश ने कहा, "मुख्य कोच के होने से पूरी टीम को काफी सपोर्ट रहता है। हम उनके साथ इतने दिनों से मेहनत कर रहे हैं और मेरे लिए तो खासतौर पर वह मेंटर हैं। हम मानसिक तौर पर उनके साथ जुड़े हुए हैं। शूटिंग एक मेंटल गेम है। हम इस फैसले के चलते मानसिक तौर पर परेशान हो रहे हैं। हम सोमवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) भी गए थे, लेकिन वहां से अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। हमारी मांग है कि हमारे मुख्य कोच को हमारे साथ जाने दिया जाए, ताकि टीम का भला हो जाए।"