भारतीय टीम का एशियन कप का अभियान क्वार्टर फाइनल में हार के साथ समाप्त हो गया। सोमवार को चीन के खिलाफ हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम को 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। इस हार की वजह से भारतीय टीम फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप में जगह बनाने से चूक गई। हेड कोच पामेला कोंटी ने कहा कि हार के बावजूद टीम के प्रदर्शन पर गर्व है।
हेड कोच पामेला कोंटी ने कहा, "चीन हमसे बेहतर था। उनके पास ज्यादा ताकत थी। वे जीत के हकदार थे, लेकिन जिस बात से मुझे सबसे ज्यादा निराशा हुई, वह यह है कि हमने 45वें मिनट में और फिर 90वें मिनट में गोल खाए। मैंने खिलाड़ियों को याद दिलाया था कि हर हाफ के आखिरी मिनटों में ध्यान केंद्रित रखें। इस समय एकाग्रता सबसे कम होती है।"
हालांकि चीन से हार के बावजूद कोंटी ने भारतीय टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमें इन खिलाड़ियों पर गर्व होना चाहिए। निजी तौर पर, मुझे इस टूर्नामेंट पर बहुत गर्व है। हमने चार सेमी-फाइनलिस्ट (ऑस्ट्रेलिया, जापान और चीन) टीमों में से तीन के खिलाफ खेला, जिसमें चीन भी शामिल था। इस टूर्नामेंट का अनुभव मेरे लिए बहुत ही खूबसूरत रहा।"