भारतीय मेंस हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। रोमांच से भरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 4-3 से शिकस्त दी। जीत के बाद भारतीय खिलाड़ी मंदीप सिंह ने कहा कि टीम चाहती थी कि मैच को किसी भी तरह से शूटआउट में न जाने दिया जाए।
भारत और पाकिस्तान का स्कोर 3-3 की बराबरी पर चल रहा था और मुकाबला शूटआउट की तरफ बढ़ रहा था। हालांकि, मैच के अंतिम मिनट में अभिषेक ने विजयी गोल दागते हुए भारत को फाइनल का टिकट दिलाया। मंदीप ने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "हमने पहले दो क्वार्टर में काफी अच्छी हॉकी खेली, लेकिन तीसरे और चौथे क्वार्टर में हमारा थोड़ा स्ट्रक्चर बिगड़ गया था। इन्हीं गलतियों की वजह से गोल हुए। हालांकि, हमें भरोसा था कि चाहे जैसे भी हो हमें इस मुकाबले को निकालना है और शूटआउट में लेकर नहीं जाना है। अंत में वही चीज हुई और हमने आखिरी 40 सेकंड में गोल किया।"
मंदीप ने कहा कि टीम सेमीफाइनल मैच से सीख लेगी कि खासतौर पर चौथे क्वार्टर में टीम को अपना स्ट्रक्चर सही रखना है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम फाइनल को जीतकर एशियन गेम्स में लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतने का प्रयास करेगी। वहीं, जरमनप्रीत सिंह ने कहा कि टीम के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी था, क्योंकि टीम का शुरुआत से लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतकर ओलंपिक 2028 के लिए क्वालीफाई करना था।