भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया का कहना है कि एफआईएच नेशंस कप जीतने के बाद भारत बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ हॉकी महिला वर्ल्ड कप 2026 में उतरेगा। अनुभवी गोलकीपर लगातार तीसरे विश्व कप में शामिल होने जा रही हैं। सविता ने भरोसा जताया है कि टीम में टूर्नामेंट में हर प्रतिद्वंद्वी का मुकाबला करने की काबिलियत है।
पूनिया के लिए आने वाला यह ग्लोबल इवेंट खास व्यक्तिगत महत्व रखता है। पिछले दो वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं अनुभवी गोलकीपर तीसरी बार इसमें शामिल होने को वर्षों की मेहनत का नतीजा और टीम में बड़ी जिम्मेदारी संभालने के मौके के तौर पर देखती हैं।
सविता ने 'जियोस्टार' से कहा, "वर्ल्ड कप में खेलना मेरे लिए बहुत मायने रखता है क्योंकि यह मेरा तीसरा वर्ल्ड कप है। किसी भी हॉकी खिलाड़ी के लिए वर्ल्ड कप और ओलंपिक दो सबसे बड़े मंच होते हैं। हर एथलीट का सपना होता है कि वह इन मंचों पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करे। लगातार तीसरे वर्ल्ड कप का हिस्सा बनना एक बड़ी उपलब्धि है। यहां तक पहुंचने के लिए मैंने बहुत कड़ी मेहनत की है, और हर बार मैंने टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की है। इस बार, मेरे पास ज्यादा अनुभव है, और इससे मुझे आत्मविश्वास मिलता है। एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर, मैं मिसाल बनकर नेतृत्व करना चाहती हूं, दबाव में शांत रहना चाहती हूं और टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में मदद करना चाहती हूं।"