प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को 'एशियन पैरा गेम्स 2026' में हिस्सा लेने वाले भारतीय एथलीटों के साथ बातचीत की। नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश का उद्देश्य 'वर्ल्ड क्लास प्लेयर' देने के साथ-साथ 'वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इक्विपमेंट' बनाना भी है।
पीएम मोदी ने कहा, "ओलंपिक को ही ध्यान में रखते हुए इस बार लाल किले से मैंने टैलेंट हंट अभियान में युवाओं से आगे आने का आह्वान किया है। इन प्रयासों में पैरा गेम्स को उतना ही महत्व दिया जा रहा है। इसलिए आप जैसे जो खिलाड़ी निखर कर सामने आ रहे हैं, वो बिग इवेंट्स में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस बार के पैरा गेम्स में भी हम ये उदाहरण देख पाए। इसी प्रतियोगिता में टॉप्स से मदद पाने वाले खिलाड़ियों ने 41 पदक जीते हैं, खेलो इंडिया के खिलाड़ियों ने 19 पदक जीते हैं। ये दिखाता है कि हमारे प्रयास सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हम चाहते हैं कि 'भारत वर्ल्ड क्लास प्लेयर' भी दे और 'वर्ल्ड क्लास स्पोर्ट्स इक्विपमेंट' भी बनाए।"
उन्होंने कहा, "सरकार ने खेलो इंडिया 'स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम' को मंजूरी दी है। अब समय है, हमारी स्पोर्ट्स गुड्स मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री भी नए कमाल करे। जब कोई भारतीय या विदेशी खिलाड़ी किसी मैदान पर उतरे तो, उसके स्पोर्ट्स गियर भी 'मेड इन इंडिया' हों और उसके कपड़े और जूते भी 'मेड इन इंडिया' हों।"