एशियन गेम्स 2026 में बुधवार को भारतीय महिला स्कीट टीम ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में परिनाज, राइजा और माहेश्वरी की तिकड़ी ने मिलकर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 331 का स्कोर बनाते हुए देश की झोली में मेडल डाला।
राइजा का कहना है कि टीम को मेडल की पूरी उम्मीद थी, क्योंकि एशियन गेम्स 2026 को लेकर तैयारियां काफी अच्छी हुई थीं। उन्होंने 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए कहा, "हम सभी बहुत खुश हैं। हमें इस मेडल की पूरी उम्मीद थी, क्योंकि हमारी तैयारियां काफी अच्छी चल रही थीं। यह हमारे देश और हमारे लिए एक बड़ी जीत है। हम बेहद खुश हैं और मुझे खुद और अपनी टीम पर गर्व है।" राइजा ने फाइनल में हुई बारिश के चलते किसी भी तरह की दिक्कत को लेकर कहा, "मैच के बीच में थोड़ी बारिश हुई थी, लेकिन इसका कारण कोई खास परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। मैंने इससे भी खराब मौसम में खेला है।"
राइजा ने उम्मीद जताई है कि शूटिंग में भारत अभी और कई मेडल जीतेगा। उन्होंने कहा, "अभी हमारे कई इवेंट्स रह रहे हैं, तो हम जाहिर तौर पर अभी कई और मेडल जीतकर यहां से जाएंगे। मैं अपना यह मेडल अपने माता-पिता, अपनी टीम, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), एनआरआई को समर्पित करना चाहती हूं।"