बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएफआई) के प्रेसिडेंट अजय सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों के प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 11 इवेंट्स में टीम के छह मेडल पिछले संस्करण की तुलना में काफी बेहतर हैं और महाद्वीपीय प्रतियोगिता में टीम की मजबूती को दिखाते हैं।
भारत के बॉक्सिंग अभियान में तीन और ब्रॉन्ज मेडल जुड़े। प्रिया घंघस, नरेंद्र और कपिल पोखरिया अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले हार गए, जिसके चलते उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिले। दूसरी ओर, भारत के लिए अच्छी खबर यह रही कि लवलीना बोरगोहेन, अंकुश दहिया और परवीन हुड्डा शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं और अब गोल्ड मेडल जीतने की चुनौती पेश करेंगे।
अजय सिंह ने 'आईएएनएस' से कहा, "हमें इन एशियन गेम्स में 11 इवेंट्स में छह मेडल मिले हैं। पिछली बार हमें 13 इवेंट्स में चार मेडल मिले थे। इसलिए हमने पिछली बार की तुलना में काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। मुझे लगता है कि तीन मुक्केबाजों का फाइनल में पहुंचना एक शानदार उपलब्धि है, क्योंकि बॉक्सिंग के लिए एशियन गेम्स काफी हद तक ओलंपिक जैसे ही होते हैं।"