एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंड में सुरुचि इंदर सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने देश को गोल्ड मेडल दिलाया। बेटी के गोल्ड जीतने के बाद सुरुचि के घर में जश्न मनाया जा रहा है। सुरुचि की मां का कहना है कि बेटी का स्वागत ढोल-नगाड़ों संग और मिठाई खिलाकर किया जाएगा।
सुरुचि की मां सुदेश ने 'आईएएनएस' के साथ बातचीत करते हुए कहा, "सुरुचि के गोल्ड मेडल जीतने की बेहद खुशी है। परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। सुरुचि लगातार मेहनत कर रही है। सुरुचि का स्वागत ढोल-नगाड़ों के साथ और मिठाई खिलाकर करेंगे। उन्हें एयरपोर्ट से ही ढोल-नगाड़ों संग लेकर आया जाएगा। सुरुचि को चूरमा बहुत पसंद है, तो उन्हें वह भी खिलाकर स्वागत किया जाएगा।"
सुरुचि की मां ने बाकी माता-पिता से भी बच्चों को खेलों में डालने की अपील की। उन्होंने कहा, "बच्चों को खेलों में डालना चाहिए। बच्चों पर ध्यान देना चाहिए और उन्हें खेलों में हिस्सा लेने के प्रेरित करना चाहिए। मां-बाप को बच्चे के भविष्य के बारे में सोचना जरूरी है। हमने अपने दोनों बच्चों को शूटिंग के खेल में डाल रखा है और दोनों ही भाई-बहन अच्छा कर रहे हैं।" खुद शूटिंग का खेल खेलने वाले सुरुचि के भाई निशांत ने भी बहन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताई।