Wimbledon QF: घरेलू दर्शकों के चहेते आर्थर फेरी ने शानदार वापसी करते हुए विंबलडन के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। उन्होंने पूर्व विश्व नंबर-3 ग्रिगोर दिमित्रोव को रोमांचक मुकाबले में 7-5, 3-6, 4-6, 6-4, 7-6 (10-7) से हराकर यह उपलब्धि हासिल की।
यह ग्रैंड स्लैम के इतिहास में पहली बार था जब पुरुष एकल के प्री-क्वार्टरफाइनल (अंतिम-16) या उससे आगे के दौर में दो वाइल्ड कार्ड खिलाड़ियों का आमना-सामना हुआ। यह मुकाबला उतार-चढ़ाव से भरपूर रहा और विंबलडन के इतिहास में यादगार मैचों में शामिल हो गया।
पिछले वर्ष भी ग्रिगोर दिमित्रोव इसी दौर में बाहर हो गए थे, जब वह यानिक सिनर के खिलाफ दो सेट की बढ़त बनाए हुए थे लेकिन पेक्टोरल (सीने की मांसपेशी) में चोट के कारण मैच पूरा नहीं कर सके। 12 महीने बाद एक बार फिर दिमित्रोव ब्रिटेन के तीसरे नंबर के खिलाड़ी आर्थर फेरी के खिलाफ दो सेट से एक की बढ़त पर थे और चौथे सेट में दो बार सर्विस ब्रेक की बढ़त भी बना चुके थे। लेकिन 4-3 और 15-0 की बढ़त के बाद दिमित्रोव लगातार 11 अंक गंवा बैठे। उनके खेल में आए इस अप्रत्याशित गिरावट का फायदा उठाकर फेरी ने मुकाबला बराबरी पर ला दिया।