ब्रिटेन के आर्थर फेरी ने विंबलडन 2026 में अपना शानदार सफर जारी रखते हुए फ्रेंच ओपन 2026 के रनर-अप फ्लेवियो कोबोली को 6-4, 7-6(4), 6-0 से मात देकर पुरुषों के सेमीफाइनल में जगह बना ली। आर्थर ऐसा करने वाले इतिहास के दूसरे वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी बन गए हैं।
शुक्रवार को ऑल इंग्लैंड क्लब में होने वाले सेमीफाइनल में फेरी का मुकाबला दूसरी वरीयता प्राप्त और रोलैंड गैरोस चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा, जिन्होंने छठी वरीयता प्राप्त टेलर फ्रिट्ज को 6-4, 6-4, 6-2 से हराया था।
बुधवार को फेरी ने अपने घरेलू ग्रैंड स्लैम में बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखा। आर्थर ने इटली के कोबोली को 2 घंटे और 14 मिनट तक चले मुकाबले में मात दी। इसी के साथ आर्थर क्रोएशियाई दिग्गज गोरान इवानिसेविच की बराबरी करते हुए विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दूसरे वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी बन गए।