नए फ्रेंच ओपन चैंपियन और दूसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर जेवरेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विंबलडन 2026 के तीसरे दौर में जगह बना ली है। वहीं, इटली के माटेओ बेरेटिनी और मेजबान ब्रिटेन के युवा खिलाड़ी आर्थर फेरी ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर का टिकट हासिल किया।
जर्मनी के अलेक्जेंडर जेवरेव ने फ्रांस के वैलेंटिन रॉयर को सीधे सेटों में 6-1, 6-3, 7-6(3) से हराया। यह मुकाबला दो घंटे चार मिनट तक चला। जेवरेव ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और पहले दो सेट आसानी से अपने नाम कर लिए। तीसरे सेट में रॉयर ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन टाई-ब्रेक में जेवरेव ने बेहतर खेल दिखाते हुए मैच को अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद जेवरेव ने कहा कि लगभग ढाई सेट तक उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाया। हालांकि, इसके बाद में उनका थोड़ा ध्यान भटका, जिसका उनके प्रतिद्वंद्वी ने फायदा उठाया। इसके बावजूद वह सीधे सेटों में जीत दर्ज करके खुश हैं। उन्होंने कहा कि अब वह ऐसे दौर में पहुंच रहे हैं, जहां हर मैच में अपनी ऊर्जा बचाकर रखना जरूरी है। सीधे सेटों में जीतने से न केवल ताकत बचती है बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें विंबलडन हमेशा से पसंद रहा है, लेकिन अभी तक यहां कोई बड़ा नतीजा हासिल नहीं कर सके हैं। अगर वह इसी तरह खेलते रहे तो इस बार अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।