फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाना है। खिताबी मैच से पहले अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज का कहना है कि वह चाहते हैं कि फाइनल में उनसे ज्यादा चर्चा में टीम के अन्य स्टार खिलाड़ी रहें। उन्होंने कहा कि एक गोलकीपर का सबसे बड़ा काम टीम को भरोसा देना होता है, न कि हमेशा लाइमलाइट में रहना।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, 33 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, "मैं सुर्खियों में नहीं आना चाहता। मैं चाहता हूं कि मेरे साथी खिलाड़ी और कोच मुझ पर भरोसा करें। सुर्खियों में आने से ज्यादा मेरे लिए यह जरूरी है। मैं चाहता हूं कि मेरे साथी खिलाड़ी स्टार बनें। गोलकीपर ही एकमात्र ऐसे खिलाड़ी होते हैं जिन्हें गोल करने की जरूरत नहीं होती। उन्हें मुख्य भूमिका निभाने की जरूरत नहीं होती। हालांकि, अगर उन्हें मेरी जरूरत होगी, तो मैं उनकी मदद के लिए मौजूद रहूंगा और अगर नहीं, तो भी मैं उसी तरह जश्न मनाऊंगा।"
33 वर्षीय मार्टिनेज इस पूरे टूर्नामेंट में चोट के बावजूद खेल रहे हैं। 20 मई को फ्रीबर्ग के खिलाफ यूईएफए यूरोपा लीग फाइनल में एस्टन विला की जीत से पहले वार्मअप के दौरान उनके दाहिने हाथ की रिंग फिंगर की हड्डी टूट गई थी। अल्जीरिया के खिलाफ टीम के टूर्नामेंट के पहले मैच से कुछ दिन पहले, 12 जून को कैनसस सिटी में वह अर्जेंटीना की टीम के साथ ट्रेनिंग पर लौटे थे।