PM Modi Interacts: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को हाल ही में जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला खिलाड़ियों की सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा जीते गए 38 पदक सिर्फ एक संख्या नहीं, बल्कि नए भारत की एक तस्वीर हैं।
पीएम मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की। भारत ने इन खेलों में कुल 85 पदक जीते और 21 स्वर्ण, 27 रजत तथा 37 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया।
उन्होंने देश का मान बढ़ाने वाली बेटियों की विशेष रूप से प्रशंसा की। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "दोस्तों, मैं विशेष रूप से हमारी बेटियों की तारीफ करना चाहता हूं। भारत ने जो 85 पदक जीते हैं, उनमें से 38 पदक हमारी महिला खिलाड़ियों ने हासिल किए हैं। इनमें 11 स्वर्ण पदक भी शामिल हैं। ये पदक सिर्फ एक संख्या नहीं हैं, बल्कि ये नए भारत की एक तस्वीर हैं।"