हॉकी इंडिया ने 'विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026' के लिए दर्शकों को बड़ी सौगात देते हुए टूर्नामेंट में 'फ्री एंट्री' की घोषणा की है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 19 से 28 नवंबर तक मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी।
इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के नौवें संस्करण में कुल 20 मैच खेले जाएंगे, जिसमें छह देश खिताब के लिए मुकाबला करेंगे। मेजबान भारत के अलावा, चीन, जापान, मलेशिया, साउथ कोरिया और थाईलैंड टूर्नामेंट में अपनी चुनौती पेश करेंगे। लीग चरण के मैच 19 से 25 नवंबर तक होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल और 28 नवंबर को मेडल मैच खेले जाएंगे।
फैंस 'टिकटजेनी' वेबसाइट या इसके मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए फ्री एंट्री पास प्राप्त कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन करने के बाद, दर्शक अपनी पसंद के मुकाबलों को चुन सकते हैं और एक डिजिटल एंट्री पास पा सकते हैं, जिसमें एक क्यूआर कोड होगा। स्टेडियम में प्रवेश के समय इस क्यूआर कोड को स्कैन किया जाएगा।