चीन और साउथ कोरिया ने एएफसी महिला एशियन कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। चीन ने चीनी ताइपे को 2-0 से हराया, जबकि साउथ कोरिया ने उज्बेकिस्तान को 6-0 से रौंदा। इसके साथ ही दोनों टीमों ने 2027 में होने वाले फीफा महिला वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
शनिवार को चीन ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे को अतिरिक्त समय में पहुंचे मुकाबले में 2-0 से हराते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। चीन की टीम मुकाबले में शुरुआत से ही हावी नजर आई। वांग शुआंग को लगा कि उन्होंने 39वें मिनट में अपनी टीम को बढ़त दिला दी है, लेकिन वीएआर रिव्यू के बाद उस गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया। दूसरे हाफ में भी चीन का दबदबा कायम रहा, लेकिन टीम निर्धारित समय में कोई गोल नहीं कर सकी।
मैच का पहला गोल 94वें मिनट में आया, जब वांग के पास पर शाओ जिकिन ने पेनल्टी एरिया के बीच से गोल कर दिया। इसके बाद 112वें मिनट में शाओ ने एक पेनल्टी हासिल की, पर वुरिगुमुला की स्पॉट किक को गोलकीपर ने रोक लिया। अतिरिक्त समय के आखिरी दो मिनट में गोल के साथ ही चीन की जीत पक्की हो गई। जिन कुन दाईं ओर से तेजी से आगे बढ़ीं और चेन यिंग-हुई को अपना ही गोल करने पर मजबूर कर दिया।