विमेंस हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 में रांची रॉयल्स ने शुक्रवार को सूरमा हॉकी क्लब के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में ऋतुजा दादासो पिसाल और साक्षी राणा ने एक-एक गोल दागा।
मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में खेले गए मुकाबले की शुरुआत में रांची रॉयल्स के पास ज्यादा बॉल पजेशन था। हालांकि, इस बीच जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब ने शानदार अटैकिंग इरादा दिखाते हुए 15 मिनट में 10 सर्कल पेनिट्रेशन किए।
12वें मिनट में, सूरमा हॉकी क्लब को मुकाबले का पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन पेनी स्क्विब का शॉट पहले रशर ने रोक दिया। 18वें मिनट में, ऋतुजा दादासो पिसाल ने एक शॉट लिया, जिसे सविता ने सेव कर लिया। 25वें मिनट में रांची रॉयल्स की इशिका ने सर्कल के अंदर फाउल किया, जिससे सूरमा हॉकी क्लब को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, हालांकि, रांची रॉयल्स की माधुरी किंडो के शानदार बचाव के कारण पेनी स्क्विब गोल नहीं कर सकीं।