एफआईएच विमेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहम मुकाबला खेलेगी। यह मैच 'पूल-ई' से सेमीफाइनल में जाने का रास्ता तय करने के लिए निर्णायक होगा। दोनों टीमों के पास एक-एक अंक हैं, जो टीम इस मुकाबले को अपने नाम करेगी, वह आगे बढ़ने की सबसे मजबूत स्थिति में होगी। हालांकि, अंतिम समीकरण रविवार को नीदरलैंड और चीन के बीच होने वाले मैच के नतीजों पर भी निर्भर करेगा।
मेजबान नीदरलैंड ने शुक्रवार को भारत के खिलाफ 2-0 से जीत हासिल की थी। इसी के साथ मौजूदा चैंपियन ने सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। डच टीम ने ग्रुप-ई के अपने दोनों मैच जीते हैं। इस टीम के पास 6 अंक हैं। वहीं, चीन के दो प्वाइंट्स हैं। रविवार शाम 7:30 बजे नीदरलैंड और चीन के बीच मैच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, जबकि भारत का ऑस्ट्रेलिया के बीच मुकाबला रात 10:30 बजे से होगा।
भारत को अगर सेमीफाइनल में पहुंचना है, तो उसे ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराना होगा, लेकिन अगर चीन मेजबान टीम को शिकस्त देती है, तो उनके पांच प्वाइंट्स हो जाएंगे, जिसके बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। हालांकि, अगर वह मैच ड्रॉ रहता है या चीन हार जाता है, तो भारत को आगे बढ़ने और इतिहास रचने के लिए ऑस्ट्रेलिया पर सीधी जीत की जरूरत होगी।