प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के सीईओ अखिल गुप्ता ने समर्थन के लिए प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि लीग के सदस्य पहले से ही इस बात पर मंथन कर रहे हैं कि रविवार को सीजन के समाप्त होने के बाद भी प्रशंसकों से कैसे जुड़े रहा जाए।
पीडब्ल्यूएल का यह लेटेस्ट सीजन भारतीय कुश्ती के लिए एक नया अध्याय साबित हुआ है। 6 साल के लंबे अंतराल के बाद लीग की वापसी हुई है। रोमांचक मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम पहुंच रहे हैं। पीडब्ल्यूएल चेयरमैन दयान फारूकी ने बताया कि आयोजकों ने सोच और उम्मीदों से कहीं बढ़कर कुछ हासिल किया है, जिससे फैंस में उत्साह बढ़ गया है।
अखिल गुप्ता ने लीग और आगामी फाइनल के उत्साह के बारे में 'आईएएनएस' को बताया, "मैं अभी से सोच रहा हूं कि फाइनल के बाद हम क्या करेंगे? क्योंकि ऐसा लगता है कि इसके खत्म होने के बाद कुछ नहीं बचेगा। उत्साह दिन-प्रति-दिन बढ़ता जा रहा है। सेमीफाइनल के दौरान भी, स्टेडियम लगभग भरा रहता है, इसलिए फाइनल में और भी जोश देखने को मिलेगा। कुछ सरप्राइज भी प्लान किए गए हैं। कुछ सेलिब्रिटी भी आएंगे और कुछ अनोखे एलिमेंट भी होंगे। इसलिए मुझे यकीन है कि हर कोई इसका भरपूर लुत्फ उठाएगा।"