वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में शनिवार को भारत की उभरती पैरा-आर्चर पायल नाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के कंपाउंड ओपन इंडिविजुअल वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। बैंकॉक में आयोजित इस प्रतियोगिता में पायल नाग ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन शीतल देवी को 139-136 से शिकस्त दी।
फाइनल मुकाबले की शुरुआत बराबरी पर हुई। शुरुआती दो राउंड के बाद दोनों आर्चर 54 अंकों की बराबरी पर थीं। हालांकि, जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, पायल ने अपने खेल का स्तर और ऊंचा कर लिया। उन्होंने तीन शांत और संयमित राउंड खेले, जिससे निर्णायक बढ़त बना ली और एक यादगार जीत हासिल की।
पिछले एक साल से शीतल का दबदबा रहा था। 19 साल की शीतल जबरदस्त फॉर्म में थीं और 2025 के शानदार सीजन के बाद उन्हें दुनिया भर में पहचान मिली थी। उन्होंने बैंकॉक में भी अपनी वही फॉर्म जारी रखी और क्वालिफिकेशन राउंड में 698 (25X) के शानदार स्कोर के साथ टॉप पर रहीं। वह कजाकिस्तान की जानत ऐतिमोवा से काफी आगे थीं। पायल ने इससे पहले 678 (9X) के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर क्वालीफाई किया था।