भारतीय स्टार तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम का 2025 आर्चरी विश्व कप फाइनल (नानजिंग) में जीता गया ब्रॉन्ज मेडल अब सिल्वर में बदल गया है। खेल की वैश्विक संस्था 'वर्ल्ड आर्चरी' ने यह फैसला मैक्सिको की मरीना बर्नाल को डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित करने के चलते लिया।
भारत की टॉप कंपाउंड आर्चर ज्योति, चैंपियनशिप की फाइनल रैंकिंग में मूल रूप से तीसरे स्थान पर थीं, लेकिन मेक्सिको की मरीना बर्नाल के एंटी-डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के कारण अयोग्य घोषित होने के बाद मेडल रैंकिंग में बदलाव किया गया है।
बर्नाल से 29 सितंबर 2025 को डोपिंग सैंपल लिया गया था, जिसमें पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें वर्ल्ड आर्चरी फेडरेशन के नियम 3 के तहत अयोग्य घोषित कर दिया गया। ऐसे में फाइनल नतीजों में आधिकारिक बदलाव हुआ। 'आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया' से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को वर्ल्ड आर्चरी ने इस फैसले की पुष्टि की। इसके परिणामस्वरूप ग्रेट ब्रिटेन की एला गिब्सन को ब्रॉन्ज मेडल दिया गया है।