वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर लेवल मीटिंग में शनिवार को पुरुषों में साउथ अफ्रीका के त्शेपो जेसन ट्यांटिनी और महिलाओं में भारत की अभिनया राजराजन सबसे तेज एथलीट बनकर उभरे।
भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 21 वर्षीय जेसन ट्यांटिनी ने 10.11 सेकंड के साथ पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल हासिल किया। ओमान के अली अल बलुशी (10.16 सेकंड) दूसरे और श्रीलंका के दिनेथ इंदुवारा डब्ल्यू (10.27 सेकंड) तीसरे पायदान पर रहे। ओडिशा का प्रतिनिधित्व कर रहे अनिमेष कुजूर ने 10.32 सेकंड का समय लिया और मेडल की दौड़ से बाहर रहे। भारत के स्टार स्प्रिंटर गुरिंदरवीर सिंह 10.39 सेकंड के समय के साथ नौवें स्थान पर रहे।
दूसरी तरफ, तमिलनाडु की स्प्रिंटर अभिनया राजराजन ने 11.34 सेकंड के समय के साथ महिलाओं की 100 मीटर दौड़ का खिताब जीता। महाराष्ट्र की हरिता भद्रा (11.46 सेकंड) दूसरे और कर्नाटक की एस. सत्यनारायण (11.56 सेकंड) तीसरे पायदान पर रहीं।