मोंटेनेग्रो के बुडवा में चल रही वर्ल्ड बॉक्सिंग अंडर-19 चैंपियनशिप 2026 में शुक्रवार को मेघा श्योकंद ने तुर्की की मेलिसा एरोग्लू को क्वार्टर फाइनल में 5-0 से हराकर महिलाओं के 80 प्लस किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही उनका पदक पक्का हो गया है और वह ऐसा करने वाली दूसरी भारतीय बन गई हैं।
इससे पहले, प्राची टोकस ने महिलाओं के 80 प्लस किलोग्राम वर्ग में भारत के लिए पहला पदक पक्का किया था। एशियाई अंडर-19 चैंपियन प्राची ने कनाडा की एली चार्टियर के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करते हुए पदक की अपनी उम्मीदों को कायम रखा। प्राची ने चार्टियर के खिलाफ दोनों राउंड में अपना दबदबा बनाए रखा। पहले राउंड में चार्टियर को एक बार और दूसरे राउंड में दो बार 'काउंट' (रेफरी द्वारा गिनती) का सामना करना पड़ा, जिसके बाद भारतीय मुक्केबाज को आरएससी (रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट) के जरिए विजेता घोषित कर दिया गया।
इससे पहले, महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में हिमांशी को आयरलैंड की एलेन जॉयस के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।गुरुवार को महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में अंशिका का सफर प्री-क्वार्टर फाइनल में ही खत्म हो गया, जब वह चीन की शेंगजी गोंग से आरएससी के जरिए हार गईं।