वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश टीम चैंपियनशिप में भारत की पुरुष और महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। पुरुष टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में कुवैत को 2-1 से हराया, जबकि महिला टीम ने ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 3-0 से हराकर दमदार जीत दर्ज की।
पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय पुरुष टीम को कुवैत के खिलाफ जीत के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा। मुकाबले की शुरुआत भारत के लिए अच्छी नहीं रही। पहले मैच में युशा नफीस को कुवैत के अब्दुल्ला अली के खिलाफ सीधे गेमों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की।
दूसरे मुकाबले में आर्यवीर दीवान ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए खालिद वलीद अल फौजैन को 11-5, 11-6 और 11-5 से हराकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद निर्णायक मैच में गुरवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब्दुल रहमान अल सानिया को 11-3, 11-3 और 11-4 से हराकर भारत को 2-1 की जीत दिलाई।