वर्ल्ड स्क्वैश फेडरेशन ने पूर्व अध्यक्ष और अपने पहले मानद लाइफ मेंबर नारायण रामचंद्रन के निधन पर शोक जताया है। नारायण रामचंद्रन का निधन गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद 77 साल की उम्र में हो गया। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को चेन्नई के बसंत नगर श्मशान घाट पर किया जाएगा।
वर्ल्ड स्क्वैश अध्यक्ष जेना वूल्ड्रिज ने कहा, "पिछले 25 सालों में राष्ट्रीय से लेकर वैश्विक स्तर तक स्क्वैश पर नारायण रामचंद्रन का निजी धैर्य कमाल का रहा। उनकी विरासत कई रूपों में जिंदा रहेगी। जब हम इस साल के आखिर में एशियन गेम्स स्क्वैश कॉम्पिटिशन में अपने खेल के लिए पहला ओलंपिक क्वालिफाइंग इवेंट देखेंगे, तब हम उन्हें प्यार से याद करेंगे। इस इवेंट को शुरू करने में उनका अहम रोल रहा था।"
स्क्वैश रैकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भी रामचंद्रन के निधन पर दुख जताते हुए कहा, "एक विजनरी लीडर जिन्होंने भारत और दुनिया भर में स्क्वैश के विकास को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। हम उनके परिवार, दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।"