वर्ल्ड योगासन चैंपियनशिप 2026 में रविवार को पूर्व मिस गुजरात सुपर मॉडल हीना राजगोर ने भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता। इसी के साथ मेजबान देश ने टॉप पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। ईकेए एरिना में जारी योगासन चैंपियनशिप में भारत ने अब तक कुल 50 मेडल (40 गोल्ड, 8 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज) अपने नाम कर लिए हैं, जिसके साथ मेजबान देश मेडल टैली में सबसे ऊपर है।
जापान ने 2 और गोल्ड मेडल अपने खाते में जोड़ लिए हैं, जिससे उसके कुल गोल्ड मेडल की संख्या 3 पहुंच गई है। कुल 10 मेडल के साथ जापान फिलहाल दूसरे पायदान पर है, जबकि सिंगापुर 6 मेडल (जिनमें 2 गोल्ड शामिल हैं) के साथ तीसरे स्थान पर है।
गुजरात के भुज की रहने वालीं राजगोर योग में पीएचडी कर रहीं हैं, जिन्होंने सीनियर बी महिला कैटेगरी में 'फॉरवर्ड बेंड' प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 43.50 प्वाइंट्स के साथ गोल्ड मेडल जीता। ओमान की प्रीति जैमानी ने 38.15 प्वाइंट्स के साथ सिल्वर अपने नाम किया, जबकि रूस की स्वेतलाना लुकाशोवा और जॉर्डन की माया अल अलोस्ताथ ने संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।