9वीं वर्ल्ड यूथ ट्रांसनेशनल ब्रिज चैंपियनशिप के टीम इवेंट में भारत की अंडर-31 टीम ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। चीन के हेफेई में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने आठ टीमों के फाइनल राउंड रॉबिन में 82.34 विक्ट्री प्वाइंट्स के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। चीन की एगोफैन्स टीम ने गोल्ड (89.96 वीपी) और चीन की अंडर-31 टीम ने सिल्वर (89.47 वीपी) मेडल अपने नाम किया।
वीजा में देरी और कॉम्बिनेशन में आखिरी समय में हुए बदलावों के बावजूद भारत ने ये मेडल अपने नाम किया है। भारतीय टीम में अंशुल भट्ट, साग्निक रॉय, सायनतन कुशारी, शुभम आचार्य, सुरजीत बार और विद्या पटेल शामिल थे। टीम के कप्तान और कोच कौस्तुभ बेंद्रे थे।
कुछ खिलाड़ियों को समय पर चीन का वीजा नहीं मिल पाया, जिससे खेलने वाले कॉम्बिनेशन में बदलाव करना पड़ा। शुभम आचार्य के साथ काफी ट्रेनिंग कर चुके अंशुल को कोलकाता के नेशनल प्लेयर सायनतन कुशारी के साथ खेलना पड़ा।