जायन हिल्स गोल्फ कोर्स में जारी विमेंस प्रो गोल्फ टूर (डब्ल्यूपीजीटी) के 10वें चरण के पहले राउंड में बुधवार को रिद्धिमा दिलावरी ने शानदार प्रदर्शन किया। इस सीजन के पहले छह टूर्नामेंट में से तीन खिताब जीत चुकीं रिद्धिमा ने बिना कोई बोगी किए 4-अंडर 68 का स्कोर बनाकर एक शॉट की बढ़त के साथ लीड हासिल कर ली।
पिछले दो चरणों में टी-8 और टी-9 स्थान पर रहीं रिद्धिमा दिलावरी ने इस बार शानदार शुरुआत करते हुए बढ़त बना ली। वह पिछले सप्ताह की विजेता वाणी कपूर, अनुभवी अमनदीप द्राल और अपनी लय हासिल करने की कोशिश कर रहीं विधात्री उर्स से एक शॉट आगे हैं। इन तीनों खिलाड़ियों ने पहले राउंड में 3-अंडर 69 का स्कोर बनाया और रिद्धिमा का कड़ा पीछा कर रही हैं।
रिद्धिमा लेडीज यूरोपियन टूर में वापसी करने और इस साल के अंत में एलईटी इवेंट महिला इंडियन ओपन से पहले शानदार फॉर्म में आने के लिए प्रयासरत हैं, उन्होंने शुरुआती होल में बर्डी लगाई और फिर अगले आठ होल में बराबरी की। 10वें, 13वें और 14वें होल में बर्डी लगाई और अंतिम चार में पार्स के साथ समापन किया।