पोलैंड की माजा च्वालिनस्का ने गुरुवार को वुहान ओपन के 'राउंड ऑफ 16' में वर्ल्ड नंबर 11 इवा जोविच को 6-4, 6-1 से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। 16वीं सीड च्वालिनस्का ने अमेरिकी खिलाड़ी के खिलाफ यह मुकाबला 1 घंटे 49 मिनट में जीता। वहीं, 5वीं सीड एलिना स्वितोलिना ने चीन की वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी गुओ हान्यू को 1 घंटे 30 मिनट तक चले मुकाबले में 6-1, 6-4 से शिकस्त दी।
च्वालिनस्का वुहान में अपना पहला टूर्नामेंट (डब्ल्यूटीए 1000) खेल रही हैं। जोविच के खिलाफ पहले सेट में उन्हें कड़ी टक्कर मिली, लेकिन दूसरे सेट में उन्होंने आसानी से जीत हासिल की। उन्होंने जोविच की सर्विस 5 बार तोड़ी और अपनी सर्विस केवल एक बार गंवाई। पोलैंड की इस खिलाड़ी ने पहले सेट के शुरुआती गेम में ही जोविच की सर्विस तोड़ दी, लेकिन अगले ही गेम में अपनी सर्विस गंवा दी। 9वें गेम में उन्होंने एक अहम ब्रेक हासिल करके 5-4 की बढ़त बनाई और फिर अपनी सर्विस बचाते हुए 57 मिनट में पहला सेट 6-4 से जीत लिया।
दूसरे सेट में च्वालिनस्का का दबदबा रहा। उन्होंने जोविच की सर्विस तोड़कर 2-1 की बढ़त बनाई, फिर 4-1 की बढ़त हासिल की और अंत में एक और ब्रेक के साथ 47 मिनट में दूसरा सेट 6-1 से अपने नाम कर लिया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना मारिया सकारी से होगा। सकारी ने अपने 'राउंड ऑफ 16' मुकाबले में मिया पोहांकोवा को 6-1, 6-4 से हराया।