कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन भारत की झोली में दो मेडल आए। वेटलिफ्टिंग में लवप्रीत सिंह ने देश को सिल्वर मेडल दिलाया, जबकि सीमा कालीरमन ने महिला डिस्कस थ्रो में ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम किया। लवप्रीत और सीमा को प्रधानमंत्री ने मेडल जीतने पर बधाई दी है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर सीमा को बधाई देते हुए लिखा, "सीमा को महिला डिस्कस थ्रो इवेंट में 58.65 मीटर के बेहतरीन थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई। उनकी कोशिशों ने भारत का मान बढ़ाया है और देश के युवाओं को प्रेरित किया है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
प्रधानमंत्री ने लवप्रीत की तारीफ करते हुए लिखा, "पुरुषों के 110 प्लस किलोग्राम इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने वाले लवप्रीत सिंह का प्रदर्शन शानदार रहा। स्नैच में उनके बेहतरीन प्रयास ने कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकॉर्ड भी बनाया। उनका समर्पण और दृढ़ संकल्प वाकई तारीफ के काबिल है। भविष्य की उनकी कोशिशों के लिए मेरी शुभकामनाएं।"