केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने देश के तमाम खेल पत्रकारों को 'विश्व खेल पत्रकार' दिवस की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि खेल पत्रकारों की कड़ी मेहनत और लगन भारत के स्पोर्टिंग इकोसिस्टम को लगातार मजबूत करती रहेगी।
खेल मंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "खेल पत्रकार भारत के खेल जगत का एक बहुत अहम हिस्सा हैं। ये सिर्फ मैचों की रिपोर्टिंग नहीं करते, बल्कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सामने लाते हैं, नए टैलेंट को पहचान दिलाते हैं और युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित भी करते हैं।'विश्व खेल पत्रकार' दिवस के मौके पर मैं सभी खेल पत्रकारों को शुभकामनाएं देता हूं। आपकी मेहनत, लगन और ईमानदारी भारतीय खेल व्यवस्था को और मजबूत बनाती है। विश्व खेल पत्रकार की ढेर सारी शुभकामनाएं।"
मनसुख मांडविया खुद कई खेलों के इवेंट में पहुंचकर अक्सर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए नजर आते हैं। सरकार द्वारा देशभर में लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने की खातिर हर रविवार को 'संडे ऑफ साइकिल'इवेंट का आयोजन किया जाता है। खेल मंत्री को इस इवेंट की अगुवाई करते हुए कई बार देखा जा चुका है। हाल ही में मनसुख मांडविया ने मेंस वॉलीबॉल कप में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली टीम को सम्मानित किया था। उन्होंने गुजरात के गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए सराहा था।