Commonwealth Games: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 10वां दिन भारत के लिहाज से यादगार रहा। भारत ने मुक्केबाजी में 10 और कुल 16 मेडल अपने नाम किए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
राष्ट्रपति ने लॉन्ग-डिस्टेंस रनर गुलवीर सिंह को एक ही दिन में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर गुलवीर सिंह को बहुत-बहुत बधाई। आपकी यह उपलब्धि कॉमनवेल्थ गेम्स में इस इवेंट में भारत का पहला मेडल है और पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में आपकी पिछली सफलता के बाद, आपके यादगार सफर में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ती है। इन दोनों इवेंट्स में भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले मेडल जीतना एक शानदार उपलब्धि है, जो अनगिनत युवा एथलीटों को लंबी दूरी की दौड़ में बेहतरीन प्रदर्शन करने और देश का मान बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने एक्स पर लिखा, "भारत का बॉक्सिंग अभियान शानदार ढंग से संपन्न हुआ। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 90 + किग्रा बॉक्सिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर नरेंद्र बेरवाल को बधाई। आपने एक कठिन मुकाबले में भारत का बेहतरीन प्रतिनिधित्व किया और शानदार प्रदर्शन किया। यह सफलता भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के आपके संकल्प को और मजबूत करे।"