मस्कट में चल रही एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियन चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने मेजबान ओमान को 10-1 से रौंदने के बाद अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-3 से हराया। हालांकि, महिला टीम को हार का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का शुरुआत से ही दबदबा देखने को मिला। टीम ने हाफ टाइम तक 3-0 की अजेय बढ़त हासिल की। भारतीय टीम के लिए पहले हाफ में रोमित पाल (8वें मिनट), करण गौतम (10वें मिनट), और कप्तान केतन कुशवाहा (10वें मिनट) ने गोल किए।
दूसरे हाफ में भी भारत ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और प्रहलाद राजभर ने बढ़त को 4-0 कर दिया। हालांकि, पाकिस्तान ने मोहम्मद उस्मान के दो गोल और कप्तान अदील (17') के शानदार गोल के बूते वापसी की कोशिश की, लेकिन शाहरुख अली, राहुल यादव और कुशवाहा के गोलों ने भारत की आसान जीत पक्की कर दी।