यूथ ओलंपिक में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी पत्री ने बताया कि उनके खेल को निखारने में चीन में मिली शुरुआती ट्रेनिंग और बेंगलुरु की प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन एकेडमी में की गई तैयारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने यह भी बताया कि बीमारी के कारण डकार (सेनेगल) में अपने अभियान से पहले वह केवल दो दिन ही प्रैक्टिस कर पाई थीं।
15 वर्षीय तन्वी, यूथ ओलंपिक गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली भारतीय विमेंस सिंगल्स खिलाड़ी बन गई हैं। 5 नवंबर को सेनेगल के डकार में खेले गए एक रोमांचक फाइनल मुकाबले में उन्हें मौजूदा वर्ल्ड जूनियर चैंपियन झांग यी शिन के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
पत्री ने छह मैच प्वाइंट्स बचाए और उनके पास खुद गोल्ड मेडल जीतने के तीन मौके भी थे, लेकिन अंततः वह एक घंटे 22 मिनट तक चले मुकाबले में 15-21, 21-13, 26-24 से हार गईं। उनसे पहले 2010 में एचएस प्रणॉय और 2018 में लक्ष्य सेन भी व्यक्तिगत सिल्वर मेडल जीत चुके हैं।