भारतीय मुक्केबाज लैरेनलाकपाम अंबेडकर मीतेई ने डकार में चल रहे समर यूथ ओलंपिक 2026 में पुरुषों की 50 किलोग्राम बॉक्सिंग प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने कोलंबिया के इजोन जेफरी गैलिया अरेवालो को 5-0 से हराया।
रेड कॉर्नर से उतरे मीतेई ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और शुरुआत से अंत तक दबदबा बनाए रखा और सभी पांच जजों के स्कोरकार्ड के आधार पर जीत हासिल की। जजों ने क्रमशः 28-27, 28-27, 28-27, 29-26 और 28-27 का स्कोर दिया।
अब फाइनल में मीतेई का सामना आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी से होगा। जुबानी ने दूसरे सेमीफाइनल में मैक्सिको के एलन जीसस ओकैम्पो कैनो को 5-0 से हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। सेमीफाइनल में पहुंचने और भारत के लिए एक पदक पक्का करने से पहले मीतेई ने नामीबिया के अब्राहम कालेंगा को पहले राउंड में 1:57 मिनट पर 'रेफरी स्टॉप्स कॉन्टेस्ट' (आरएससी) के जरिए हराया था। वहीं, क्वार्टर फाइनल में उन्होंने सेनेगल के फे शेख इब्राहिमा फॉल को 5-0 से हराया था।