बीजिंग में चाइना ओपन फाइनल खेलने के बाद झेंग किनवेन और मिर्रा आंद्रीवा वुहान ओपन से हट गई हैं। झेंग ने दाहिने कंधे की चोट का हवाला दिया है, जबकि आंद्रीवा ने शेड्यूल में बदलाव के कारण हटने का फैसला किया है।
झेंग ने रविवार को आंद्रीवा को 7-5, 6-4 से हराकर चाइना ओपन जीतने वाली पहली चीनी खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। यह जीत उनके करियर का पहला डब्ल्यूटीए 1000 खिताब भी रहा और 2024 में टोक्यो में जीत के बाद उनका पहला सिंगल्स खिताब है। हालांकि, यह जीत चीनी स्टार के लिए लगातार कई मुश्किल मैचों के बाद मिली। वह चोट के कारण कुछ समय तक खेल से दूर रहने के बाद लौटी थीं और उसके बाद यूएस ओपन, बिली जीन किंग कप और बीजिंग टूर्नामेंट में खेली थीं।
टूर्नामेंट से हटने की घोषणा करते हुए झेंग ने कहा कि लगातार मैचों के बोझ के कारण वह शारीरिक रूप से थक गई हैं। डब्ल्यूटीए के अनुसार, झेंग ने कहा, "मुझे यह बताते हुए बहुत अफसोस हो रहा है कि मैं इस साल के वुहान ओपन से हट रही हूं। वुहान वह जगह है जहां से मेरे टेनिस के सपने की शुरुआत हुई थी, और वुहान ओपन ही वह टूर्नामेंट है जिससे मैंने डब्ल्यूटीए 1000 लेवल पर अपनी पहचान बनाई थी। मैं हमेशा अपने घरेलू फैंस के सामने खेलने का इंतजार करती रही हूं।"