केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने विशाखापत्तनम में 'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ब्रिक्स देशों के बैठक के अवसर पर आयोजित 'संडे ऑन साइकिल' का यह संस्करण विशेष रहा।
'संडे ऑन साइकिल' कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए मांडविया ने कहा, "विशाखापत्तनम में ब्रिक्स सम्मेलन के अवसर पर 'ब्रिक्स फ्रेंडशिप संडे ऑन साइकिल' का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिट इंडिया अभियान आगे बढ़ रहा है। देश में 18,000 से अधिक जगहों पर संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन कर देश के युवा फिटनेस का संदेश दे रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "साइकिल चलाने सबसे बेहतर व्यायाम है। साइकिल चलाने से हमारा पर्यावरण भी स्वच्छ और सुरक्षित रहता है। साइकिल चलाने से इंधन की बचत भी होती है। हम सभी को विकसित भारत बनाने के लिए फिट रहना है। व्यक्ति के स्वस्थ रहने से समाज स्वस्थ होता है और स्वस्थ समाज ही स्वस्थ और फिट देश का निर्माण करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने इसी उद्देश्य से फिटनेस अभियान चलाया है। हम सभी प्रत्येक संडे को साइकिल चलाकर उनके उद्देश्य को पूर्ण करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।"