भारतीय जूनियर विमेंस हॉकी टीम ने शनिवार को जीत के साथ जूनियर एशिया कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत की। गत चैंपयिन ने मोकी में खेले गए इस मैच में साउथ कोरिया को 4-1 से शिकस्त दी। भारत ने विमेंस जूनियर एशिया कप के पिछले दो संस्करण जीते हैं।
साउथ कोरिया के खिलाफ भारत ने पूरे मैच में संयमित और दबदबे वाला खेल दिखाया। भारत की तरफ से सानिका चंद्रकांत माने, पूर्णिमा यादव, पूजा साहू और मधु सिदार ने गोल दागे। वहीं, कोरिया के लिए किल गैबिन ने सांत्वना गोल किया।
भारत ने पहले क्वार्टर में कई मौके बनाए। मुकाबले के 8वें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने ने गोल करके भारत को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय टीम ने साउथ कोरियाई डिफेंस पर दबाव बनाए रखा और पहले क्वार्टर में दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन वे किसी भी मौके को गोल में नहीं बदल पाए। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी।