वर्ल्ड आर्चरी पैरा चैंपियन और भारत की स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहमदाबाद में आयोजित हो रही वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 के तीसरे चरण के कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है।
सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में शीतल ने अपनी ही देश की खिलाड़ी सरिता को 145-143 के करीबी अंतर से हराया। शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी बुधवार को फाइनल में कजाकिस्तान की दूसरी सीडेड खिलाड़ी आइजादा सेइडन का सामना करेगी। वहीं, सरिता ब्रॉन्ज मेडल के लिए चीन की वांग हुइटिंग से मुकाबला करेंगी, जिन्होंने दूसरे राउंड में दुनिया की पहली क्वाड्रपल एम्प्यूटी (चारों अंग न होने वाली खिलाड़ी) पायल नाग को हराया था।
शीतल ने रविवार को कंपाउंड महिला क्वालिफिकेशन में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर 698 हासिल करके भारत की अंतरराष्ट्रीय मेजबानी की शुरुआत को यादगार बना दिया था। 19 वर्षीय बिना हाथों वाली तीरंदाज शीतल ने अपना ही एशियाई रिकॉर्ड एक प्वाइंट से बेहतर किया। यह रिकॉर्ड उन्होंने पहले नोवे मेस्टो में दूसरे चरण में बनाया था। उनके हालिया राउंड में उन्होंने 25 बार '10' और 26 बार 'एक्स' स्कोर किया। 'एक्स-रिंग' का इस्तेमाल '10-रिंग' के अंदर टाई-ब्रेकर के तौर पर किया जाता है, जिससे वह प्रतियोगिता में दूसरों से 10 प्वाइंट आगे रहीं।